PM मोदी ने किया दुनिया की सबसे ऊंची राम प्रतिमा का अनावरण, ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ बनाने वाले राम सुतार ने की है तैयार
. डॉ कपिल अग्रवाल उप संपादक
विशाखापत्तनम : विशाखापत्तनम दर्पण समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दक्षिण गोवा के ऐतिहासिक श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में भगवान राम की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा का अनावरण कर एक नया अध्याय लिख दिया है। कांस्य धातु से बनी यह प्रतिमा 77 फीट ऊंची है, जो अब तक स्थापित भगवान राम की प्रतिमाओं में सबसे विशाल है। इस भव्य प्रतिमा को मशहूर मूर्तिकार राम सुतार ने तैयार किया है, जिन्हें गुजरात में दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ डिजाइन करने का श्रेय भी जाता है।
अनावरण समारोह के दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इस पल को अपने लिए बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर पवित्र ध्वज फहराने के कुछ ही दिनों बाद, उन्हें गोवा में प्रभु श्रीराम की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा का अनावरण करने का अवसर मिला है, जो उनके लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। प्रधानमंत्री ने मठ की 550 वर्षों की गौरवशाली परंपरा और इतिहास की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जानकर बहुत गर्व होता है कि इस संस्थान ने सदियों से कई प्राकृतिक आपदाओं, चक्रवातों और चुनौतियों का सामना करते हुए भी अपनी संस्कृति को जीवित रखा है।
गोवा के लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत ने बताया कि दक्षिण गोवा के कैनाकोना स्थित मठ में यह आयोजन हाल के वर्षों का सबसे भव्य समारोह है। उन्होंने कहा कि 77 फीट ऊंची यह प्रतिमा न केवल मठ के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को बढ़ाएगी, बल्कि यह पूरी दुनिया में भगवान राम की आस्था का एक नया केंद्र बनेगी। राम सुतार की शिल्पकारी और कांस्य की चमक इस प्रतिमा को और भी दिव्य बनाती है।

Comments
Post a Comment