नई दिल्ली/ :विशाखापत्तनम :विशाखापत्तनम दर्पण समाचार: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को अपना नया सेनापति मिल गया है। वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को निर्विरोध पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। सोमवार को नामांकन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने एक प्रेस वक्तव्य जारी कर इस बात की औपचारिक पुष्टि की। नामांकन प्रक्रिया के दौरान नितिन नबीन के अलावा किसी अन्य नेता ने पर्चा दाखिल नहीं किया, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
पीएम मोदी बने प्रस्तावक, दिग्गजों की मौजूदगी में भरा पर्चा
नितिन नबीन की ताजपोशी में पार्टी की एकजुटता साफ नजर आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद उनकी उम्मीदवारी का प्रस्ताव रखने वालों में शामिल थे। इससे पहले नितिन नबीन ने पार्टी के दिग्गज नेताओं अमित शाह, राजनाथ सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा और नितिन गडकरी की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। चुनाव अधिकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच चली नामांकन प्रक्रिया में नितिन नबीन के पक्ष में नामांकन पत्रों के कुल 37 सेट प्राप्त हुए। जांच के दौरान सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए और किसी अन्य उम्मीदवार के न होने के कारण उन्हें विजेता घोषित कर दिया गया।
30 राज्यों में संगठन चुनाव के बाद हुई प्रक्रिया
बीजेपी के संविधान के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव एक लंबी संगठनात्मक प्रक्रिया के बाद हुआ है। देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव संपन्न होने के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके लिए बीते 16 जनवरी को कार्यक्रमों की समय-सारणी की अधिसूचना जारी करने के साथ ही वोटर लिस्ट भी प्रकाशित कर दी गई थी। अब नितिन नबीन के हाथों में दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान होगी।
के.वी.शर्मा, संपादक,

Comments
Post a Comment