आंध्र विश्वविद्यालय के हिंदी भवन में वरिष्ठ साहित्यकार एवं वित्त प्रबंधन विशेषज्ञ श्री फकीर डोकी द्वारा रचित तेलुगु काव्य-संग्रह “ना कविता प्रयत्नमलो” का भव्य लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
83 वर्ष की आयु में भी सक्रिय सामाजिक एवं व्यावसायिक जीवन जी रहे श्री फकीर डोकी, जो आरएसएनएल के सेवानिवृत्त वित्त निदेशक रह चुके हैं तथा वर्तमान में विशाखापट्टनम निर्यात प्रसंस्करण क्षेत्र स्थित कैम्ब्रिज सर्विसेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, ने अपनी साहित्यिक साधना का यह महत्वपूर्ण संकलन प्रस्तुत किया।
इस ग्रंथ का प्रकाशन लोकनायक फाउंडेशन द्वारा किया गया, जिसकी स्थापना पद्मभूषण सम्मानित यार्लगड्ड लक्ष्मीप्रसाद ने की है।
कार्यक्रम में के.आर. रजनी, कुलपति, डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय (श्रीकाकुलम) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. यार्लगड्ड लक्ष्मीप्रसाद, पूर्व अध्यक्ष, आंध्र प्रदेश राजभाषा आयोग एवं अध्यक्ष, विश्व हिंदी परिषद ने भी अपने उद्बोधन में कृति की साहित्यिक विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
समारोह की अध्यक्षता जालादी रवि, प्राचार्य, ए.यू. आर्ट्स एवं कॉमर्स कॉलेजेस ने की। कार्यक्रम का समन्वयन तेलुगु विभागाध्यक्ष जेर्रा अप्पाराव तथा हिंदी विभागाध्यक्ष नल्ला सत्यनारायण द्वारा किया गया।
समारोह में विशाखापट्टनम के गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों तथा लेखक के पारिवारिक सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजकों एवं शुभचिंतकों द्वारा लेखक का सम्मान भी किया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ।

Comments
Post a Comment