सोशल मीडिया एक ऐसी दुनिया है जहां कभी भी कुछ भी देखने को मिल सकता है। इंटरनेट के इस प्लेटफॉर्म पर एक बार जो आ जाए, उसका यहां से जाना मुश्किल हो जाता है। यहां कभी दिल को छू लेने वाले प्यारे वीडियो सामने आते हैं, तो कभी कुछ ऐसी अतरंगी हरकतें देखने को मिल जाती हैं जिन पर यकीन करना ही मुश्किल होता है। जो लोग इंटरनेट पर एक्टिव रहते हैं, उन्हें अच्छी तरह पता है कि यहां जो वीडियो जितना अजीब होता है, उसके वायरल होने की रफ्तार भी उतनी ही तेज होती है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है।
आमतौर पर आपने मंदिरों में श्रद्धालुओं को शिवलिंग पर श्रद्धाभाव से दूध और जल चढ़ाते हुए देखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी किसी पत्नी को अपने ही पति के सिर पर दूध चढ़ाकर पूजा करते देखा है? जी हां, वायरल हो रहे इस नए वीडियो में कुछ ऐसा ही अजीबोगरीब नजारा देखने को मिल रहा है। इस वीडियो में एक महिला ने अपने पति को गर्दन तक जमीन के अंदर गाड़ दिया है। शख्स का धड़ मिट्टी के अंदर है और सिर्फ सिर बाहर निकला हुआ है। इसके बाद महिला अपने पति के सिर पर फूल चढ़ाती है और फिर किसी शिवलिंग की तरह उस पर दूध चढ़ाने लगती है। हद तो तब हो जाती है जब इस दौरान वह ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाती है और अंत में हाथ जोड़कर अपने माथे से लगाती है।
इस हैरान करने वाले वीडियो को इंस्टाग्राम पर ‘ghantaa’ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। अपलोड होने के बाद से ही यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है और खबर लिखे जाने तक इसे 22 हजार से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। इस अतरंगी वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। कमेंट सेक्शन में मजेदार और हैरान करने वाली प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “पति ही परमेश्वर है।” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “महादेव जी, प्लीज अब तीसरी आंख खोल दीजिए।” एक तीसरे यूजर ने भी इसी सुर में सुर मिलाते हुए लिखा कि महादेव, अब तीसरी आंख खोलने का समय आ गया है। इसके अलावा एक अन्य यूजर ने इस हरकत पर नाराजगी जताते हुए लिखा, “हमारे देश में मूर्खों की कोई सीमा नहीं है।”

Comments
Post a Comment