प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें राष्ट्रीय रोजगार मेले में 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए*
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज 19वें राष्ट्रीय रोजगार मेले के अंतर्गत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 51,000 से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। देशभर के 47 स्थानों पर एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने रोजगार सृजन, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण के प्रति भारत सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने “नागरिक देवो भव” मंत्र का उल्लेख किया तथा कहा कि “नागरिक कल्याण” प्रत्येक लोकसेवक का मूल मंत्र होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ईमानदारी, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करते हुए विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
विशाखापत्तनम में रोजगार मेले का आयोजन आई.आई.एम., विशाखापत्तनम में रेलवे द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री ललित बोहरा ने की। इस अवसर पर आईआईएम विशाखापत्तनम के निदेशक श्री एम. चंद्रशेखर, निदेशक (पी एंड एल) श्री एस.एस. श्रीनिवास राव तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
समारोह के दौरान रेलवे, शिक्षा, डाक विभाग, भारतीय नौसेना, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) सहित विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित 190 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में श्री ललित बोहरा ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उन्हें अपने कार्यों में उच्चतम स्तर की ईमानदारी, पेशेवर उत्कृष्टता एवं जनसेवा की भावना बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपने-अपने संगठनों में समर्पण एवं नैतिक आचरण से सम्मान अर्जित करें तथा अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान नागरिकों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार करें।
ये 190 अभ्यर्थी भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों, जैसे रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग आदि में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
रोजगार मेला भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य रोजगार सृजन को गति देना तथा देश के युवाओं को सार्थक करियर अवसर उपलब्ध कराना है। इस पहल के अंतर्गत अब तक 19 संस्करणों में लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो एक सशक्त, कुशल और भविष्य के लिए तैयार कार्यबल के निर्माण हेतु सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
K.V.SHARMA EDITOR



Comments
Post a Comment